दिल्ली निगम चुनाव: केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र ने गिनवाया भाजपा ने यादवों को क्या-क्या दिया

दिल्ली निगम चुनाव: केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र ने गिनवाया भाजपा ने यादवों को क्या-क्या दिया
छावला वार्ड में आये थे पार्टी के उम्मीदवार के लिए प्रचार करने
दिल्ली क्राउन
नई दिल्ली, नवंबर 30: केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज (बुधवार को) दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के छावला वार्ड में एक सभा को सम्बोधित करते हुए लोगों को बताया कि उनकी पार्टी – भारतीय जनता पार्टी, ने यादवों को किस-किस पद से नवाज़ा है।
राष्ट्रीय राजधानी में चल रहे निगम चुनावों के दौरान छावला वार्ड से अपनी पार्टी के उम्मीदवार के लिए प्रचार करने आये भूपेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा का यादव समाज और डाबर इलाके में बहुत बड़ा योगदान है।
डाबर इलाके के छावला वार्ड से भाजपा का प्रत्याशी यादव समाज से ही आता है और कांगनहेड़ी गॉंव का निवासी है।
यादव ने कहा – “केंद्र में मैं तो कैबिनेट मंत्री हूँ ही, हमारे तीन राज्य-मंत्री – अन्नपूर्णा, इंदरजीत सिंह और नित्यानंद राय, भी हैं। सभी यादेव समाज के हैं। और, अब तो हमने OBC कमीशन का चेयरमैन भी हंसराज अहीर (यादव) को बना दिया है।”
इतना कहते ही यादव अपना रुख बदलते हुए आगे बोले – “हम किसी एक वर्ग या एक जाती कि बात नहीं करते। हमें अपने आप को किसी एक जाती और एक वर्ग में सीमित रखना भी नहीं है। हम छत्तीस की छत्तीस बिरादरियों को मजबूत देखना चाहते हैं।”
वार्ड में एक अन्य सभा को सम्बोधित करते हुये भूपेंद्र ने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार वायु प्रदूषण को कम करने के लिए कतई प्रयास नहीं कर रही।
“केंद्रीय पर्यावरण मंत्री होने के नाते मैंने एक समिति का गठन किया। हरयाणा सरकार ने और अन्य एजेंसियों ने ठीक से जवाब दे दिया, लेकिन केजरीवाल सरकार ने कोऑपरेशन नहीं किया।”
दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए 4 दिसंबर को मतदान होना है, और नतीजे 7 दिसंबर को आने हैं। चुनाव में भाजपा की सीधी टक्कर आम आदमी पार्टी (आप) से है। पिछले 15 साल से निगम में भाजपा का प्रभुत्व कायम है। इस बार “आप” के मुख्य-संयोजक और मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल जनता से वोटों की अपील करते और कहते हुए देखे जा सकते हैं कि इस बार उनकी पार्टी को निगम में मौका मिलना चाहिए।
भाजपा पर हमला करते हुए केजरीवाल का चुनाव प्रचार दिल्ली में कूड़े के पहाड़ों के इर्द-गिर्द घूमता हुआ दिखाई पड़ता है। वे अपनी चुनावी सभाओं में कहते हुए देखे जा सकते हैं कि दिल्ली में कूड़े के पहाड़ों के लिए सिर्फ और सिर्फ भाजपा ज़िम्मेदार है।